hazaribagh: जिले के चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में बीती रात हाथियों के झुंड ने कहर बरपा दिया. देर रात 1 से 2 बजे के बीच हुए हमले में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.
कैसे हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथियों का झुंड बोकारो और रामगढ़ की सीमा से होते हुए चुरचू क्षेत्र में पहुंचा. अनाज की तलाश में हाथी रात के अंधेरे में एक घर में घुस गए. घर को तोड़ते हुए उन्होंने सो रहे परिवार को कुचल दिया, जिससे पांच लोगों की जान चली गई.
प्रशासन अलर्ट, एक घायल का इलाज जारी
वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास कुमार उज्ज्वल ने बताया कि हाथियों का झुंड उग्र है और इलाके में सक्रिय बना हुआ है. एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें.
गांव में दहशत
घटना के बाद गोंदवार और आसपास के इलाकों में लोग घरों में दुबके हुए हैं. वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.