Ranchi: झारखंड पुलिस के जवानों और अधिकारियों में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 17वीं झारखंड राज्य स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता (2025-26) का आयोजन 17 मार्च से 19 मार्च 2026 तक रांची में किया जाएगा। इसको लेकर सीआईडी की ओर से सभी संबंधित पुलिस इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के मुकाबले रांची के विभिन्न प्रमुख खेल स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम और परिसर के हॉल, डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर, टाटीसिलवे स्थित जैप-2 परिसर तथा होटवार स्थित जैप-10 परिसर शामिल हैं।
प्रतियोगिता में झारखंड सीआईडी, झारखंड एटीएस, झारखंड एसीबी, झारखंड जगुआर, आईटीएस व संचार एवं तकनीकी सेवाएं, रेल जमशेदपुर और रेल धनबाद की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा पीटीसी पदमा, जेपीए हजारीबाग और जेब्ल्यूएफएस नेतरहाट की टीमें भी इस खेल महाकुंभ में भाग लेंगी।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान कुल 27 अलग-अलग खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, मुक्केबाजी, तीरंदाजी, कुश्ती, जिमनास्टिक, कराटे, कबड्डी, योगा, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसे खेल शामिल हैं।
आयोजकों की ओर से सभी संस्थानों को अपने खिलाड़ियों की सूची जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी प्रतिभागियों को 14 मार्च तक जैप-10, होटवार (रांची) में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है, ताकि प्रतियोगिता का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।