झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर रांची की मोरहाबादी मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. अलग राज्य के रूप में झारखंड के 25 साल होने पर पूरे राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. मोरहाबादी में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं. मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड वासियों को संबोधित करते हुए झारखंड में अपने कामों और झारखंड के बारे में बताया। उससे पहले आज 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रांची स्थित राजभवन में झारखंड के राज्यपाल के द्वारा उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया वहीं कोकर स्थित बिरसा समाधि स्थल पर झारखंड राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के द्वारा सम्मिलित रूप से पहुंच कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई. वहीं बिरसा चौक स्थित स्थापित प्रतिमा पर झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के द्वारा माल्यार्पण भी किया गया. इस अवसर पर गांडे विधायक कल्पना सोरेन की भी उपस्थित रही.