Bokaro: बोकारो एयरपोर्ट से सटे दुंडीबाग बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अब अतिक्रमण हटाए गए स्थानों पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। यह निर्णय बोकारो परिसदन सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया।
बैठक में एयरपोर्ट से जुड़े विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बीएसएल प्रबंधन को निर्देश दिया कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए परिसर में 15 दिनों के भीतर स्लैब के माध्यम से बाउंड्री निर्माण कार्य पूरा किया जाए। साथ ही वहां “ट्रेसपासर्स विल बी प्रोसिक्यूटेड” के बोर्ड लगाने को कहा गया, ताकि दोबारा अतिक्रमण की कोशिशों को रोका जा सके।
दुंडीबाग बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस पिकेट स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा बीएसएल को दुंडीबाग बाजार सहित आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। एसडीओ चास प्रांजल ढांडा को चिन्हित स्थलों की अद्यतन सूची बीएसएल प्रबंधन को उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। खरीदी गई उच्च तीव्रता वाली फ्लैश लाइट/ऑब्स्ट्रक्शन लाइट को सतनपुर पहाड़ पर एक सप्ताह के भीतर स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही परिसर में बची झाड़ियों और पेड़ों की जल्द छंटाई कराने को कहा गया।
बोकारो एयरपोर्ट के संचालन को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बोकारो स्टील लिमिटेड के बीच एमओयू के नवीकरण तथा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से ‘कंसेंट टू ऑपरेट’ के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया।
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए बॉम्ब थ्रेट कंटीजेंसी प्लान, सिक्योरिटी वेटिंग, बीसीएएस सिक्योरिटी क्लियरेंस, डॉग स्क्वाड यूनिट की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा डीजीसीए लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, दो एसीएफटी वाहनों की तैनाती और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, डीएफओ नीतीश कुमार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद, एएआई के मनोज कुमार, बीएसएल टाउनशिप जीएम ए.के. तिवारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एयरपोर्ट से जुड़े कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।