Bokaro: नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत जिले के चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद की मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। मतगणना केंद्र पर दिनभर प्रशासनिक सक्रियता बनी रही और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने मतगणना संपन्न होने के बाद उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयास और बेहतर टीम वर्क के कारण पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया और किसी प्रकार की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
विजयी प्रत्याशियों की घोषणा
डीईओ सह उपायुक्त ने जानकारी दी कि चास नगर निगम से महापौर पद पर भोलू पासवान को विजयी घोषित किया गया है, जबकि फुसरो नगर परिषद से चेयरमैन पद पर निर्मला देवी ने जीत दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिया गया। इस दौरान संबंधित निर्वाची पदाधिकारी (आरओ), सहायक निर्वाची पदाधिकारी (एआरओ) एवं उनकी टीम ने जिम्मेदारीपूर्वक कार्य किया, जिसकी उन्होंने सराहना की।
सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था रही सुदृढ़
मतगणना केंद्र पर वरीय प्रशासनिक अधिकारी दिनभर मुस्तैद रहे। सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की गई थी और प्रवेश व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही। पूरी प्रक्रिया के दौरान सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और चरणबद्ध प्रवेश व्यवस्था लागू रही, जिससे मतगणना कार्य शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सका।
जिला प्रशासन ने सभी कर्मियों, पुलिस बल एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।