Bokaro: बोकारो में आने वाले पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसको लेकर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है, जहां लोगों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की जा रही है।
इसी कड़ी में बोकारो स्टील सिटी थाना में आयोजित शांति समिति की बैठक में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन्हें पुलिस ने गंभीरता से सुना और अपनी तैयारियों को और बेहतर बनाने का भरोसा दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बैठक में स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किन-किन बातों का विशेष ध्यान रखना है। साथ ही लोगों को अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।
प्रशासन ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर पर्व की पवित्रता, भाईचारे और सौहार्द के संदेश को बनाए रखें, ताकि त्योहार अपने मूल उद्देश्य के अनुरूप शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा सकें।