Ramgarh: रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र के सरैया टोला में उस वक्त दहशत फैल गई, जब कोयला कारोबारी गजानन प्रसाद के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. करीब 8–9 राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा. वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है.
दूसरे कारोबारी के घर भी फायरिंग
बदमाशों ने सिर्फ एक घर को निशाना नहीं बनाया. सेल संचालक नीतीश कुमार के घर पर भी गोलियां चलाई गईं. इसके अलावा सोनदा बस्ती के मुख्य चौक और एक दुकान के पास भी फायरिंग की गई, जिससे इलाके में और दहशत फैल गई.
सड़क पर मिले खोखे, पुलिस मौके पर
घटना के बाद सड़क पर कई खोखे पड़े मिले. सूचना मिलते ही पतरातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया. एसडीपीओ गौरव गोस्वामी और थानेदार सत्येंद्र कुमार ने टीम के साथ जांच शुरू कर दी है.
हर एंगल से जांच
पुलिस रंगदारी, गैंगवार या डराने की साजिश जैसे सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है. इलाके में फिलहाल दहशत का माहौल बना हुआ है.