Ranchi: रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपनी विकसित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की. जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने बताया कि यह उपकरण पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और देश के साथ-साथ विदेशों के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों में इसका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है. उनके अनुसार, इस मशीन के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं.
मुख्यमंत्री ने की पहल की सराहना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की आधुनिक और स्वदेशी तकनीकें कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐसे नवाचार इलाज की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हैं और मरीजों को समय पर प्रभावी उपचार मिल पाता है.
राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सरकारी अस्पतालों में आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि लोगों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े. उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार गंभीर है और राज्य में ही उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित रहे।