Ranchi: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे की दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल रजक (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रेडियम रोड स्थित कुमार मार्केट गली का निवासी है।
पुलिस को 9 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिल रजक कॉलेज के छात्रों को प्रतिबंधित और नशीली दवाएं बेच रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारकर तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में नशीली दवाएं और अन्य सामान बरामद किए गए। बरामद सामग्री में 19 बोतल ONREX कफ सिरप (जिसमें एक बोतल आंशिक रूप से खाली), 75 पीस Nitrosum 10 टैबलेट, एक रेडमी 10C स्मार्टफोन, एक पीला झोला और एक चांदी का सिक्का शामिल है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कॉलेज छात्रों को नशीली दवाएं बेचने की बात स्वीकार कर ली है। इस मामले में लालपुर थाना कांड संख्या 64/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21(b)/22(b) और Drugs and Cosmetic Act की धारा 27(b)(ii) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह समेत ऋषिकांत कुमार, आशीष कुमार, सुनील मुर्मू, अर्चना महतो, सिया कुमारी और अजय कुमार शामिल रहे।