Ranchi: Ranchi के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा विद्युत सब स्टेशन में गुरुवार सुबह एक संदिग्ध लिफाफा मिलने से हड़कंप मच गया। लिफाफे पर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन People’s Liberation Front of India (PLFI) का नाम लिखा हुआ था और उसके साथ कारतूस बंधा मिला, जिससे कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि सब स्टेशन के कर्मचारियों की नजर एक लावारिस लिफाफे पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उस पर “जरूरी सूचना” और “लाल सलाम” लिखा मिला। कारतूस बंधा होने की वजह से मामला और गंभीर हो गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सुरक्षित करते हुए लिफाफे और कारतूस को अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में लिफाफे के अंदर भी उग्रवादी संगठन का जिक्र मिलने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लिफाफा वहां कब और किसने रखा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसके पीछे किसी उग्रवादी संगठन का हाथ है या फिर किसी शरारती तत्व द्वारा दहशत फैलाने की साजिश रची गई है। लेवी या धमकी से जुड़े पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।