Hazaribagh: हजारीबाग में रामनवमी 2026 के दौरान निकले शोभायात्रा में हुए युवक अभिषेक कुमार हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को झंडा चौक के पास जुलूस के दौरान अभिषेक कुमार पर तलवार और चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद लोहरसिंहना थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जुलूस के दौरान नशे की हालत में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसके बाद पीड़ित की मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार विनायक, श्याम कुमार, आदित्य कुमार, ऋषि कुमार और समीर वाल्मीकि शामिल हैं। इनके पास से एक तलवार और दो फोल्डिंग चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।