Ramgarh: रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित ओसम मिल्क प्लांट पर शनिवार सुबह अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। सुबह करीब 6 बजे बाइक सवार बदमाशों ने प्लांट को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। पुलिस आसपास के इलाके में जांच और तलाशी अभियान चला रही है।
इधर, इस फायरिंग की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर जारी एक कथित प्रेस विज्ञप्ति के जरिए ली है। गैंग ने प्लांट मालिक अनिरुद्ध को निशाना बनाते हुए इसे चेतावनी बताया है और भविष्य में जानलेवा हमले की धमकी भी दी है।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्लांट के साथ-साथ मालिक के घर और परिवार को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। फिलहाल पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल में जुटी हुई है।