Ranchi: रांची जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में रामपुर गांव की दो मिठाई दुकानों से लाखों रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि रामपुर गांव में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिल्ली पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार की अगुवाई में त्वरित कार्रवाई करते हुए रामपुर चौक स्थित बलराम साहू के “विक्की बंटी मिष्ठान भंडार” और प्रकाश साहू के “सनाया स्वीट्स” में छापेमारी की। इस दौरान दुकानों से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने जब्त शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुट गई है।