रांची: बोकारो की 18 वर्षीय युवती के करीब सात महीने से लापता होने के मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। रेखा देवी द्वारा दायर हेबियस कॉर्पस याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मामले की प्रगति पर असंतोष जताया।
सुनवाई के दौरान डीजीपी वर्चुअल माध्यम से कोर्ट में पेश हुए और जानकारी दी कि पिंडराजोड़ा थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच किसी अन्य सक्षम अधिकारी को सौंप दी गई है।
अदालत ने पीड़िता के रिश्तेदार संपत महतो के साथ मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए उनके बेहतर इलाज का निर्देश दिया। कोर्ट ने केंद्र सरकार के वकील को निर्देश दिया कि उनका इलाज नामकुम स्थित मिलिट्री अस्पताल में कराया जाए।
इसके अलावा, हाई कोर्ट ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए एक वन मैन कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी की अगुआई डीआईजी स्तर के अधिकारी करेंगे, जो जांच पूरी कर सीलबंद रिपोर्ट अदालत में पेश करेंगे।