Ranchi: रांची में ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े चर्चित टेंडर घोटाला मामले में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले के आरोपी रिटायर्ड इंजीनियर इन चीफ सिंगराइ टूटी ने गुरुवार को PMLA की विशेष अदालत में सरेंडर कर दिया।
सरेंडर के बाद अदालत ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली। कोर्ट ने सिंगराइ टूटी को एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी है। इसके साथ ही पासपोर्ट जमा करने और बिना अदालत की अनुमति देश नहीं छोड़ने की शर्त भी लगाई गई है।
वहीं, इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। हाल ही में ED ने प्रमोद कुमार समेत 14 अन्य आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। इस पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ समन जारी कर दिया है।
फिलहाल मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है, जिस पर आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।