Hazaribagh: झारखंड के हजारीबाग जिले के कुख्यात डकैत भोला महतो उर्फ जगदीश महतो को झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है। वह बीते 5 अप्रैल 2021 से जेल में बंद था।
हाई कोर्ट के न्यायाधीश आनंदा सेन की अदालत में उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने उसे राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली। लंबे समय से लंबित इस मामले में अदालत के आदेश के बाद अब उसके जेल से रिहा होने का रास्ता साफ हो गया है।
कई थानों में दर्ज हैं गंभीर मामले
भोला महतो का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ टाटीझरिया, दारू, इचाक, बरही, पदमा, विष्णुगढ़, गिद्दौर और मनिका समेत कई थाना क्षेत्रों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 2014 में टाटीझरिया थाना में डकैती के आरोप में दर्ज किया गया था। इसके बाद वह लगातार विभिन्न इलाकों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या अधिक है, जो उसके सक्रिय आपराधिक नेटवर्क और लंबे समय से जारी गतिविधियों को दर्शाती है।
फिलहाल हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अब उसकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।