Ranchi: रांची में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा लंबे समय से लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर सोमवार देर शाम एसएसपी राकेश रंजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए, जिन्हें स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में खास तौर पर उन मामलों पर फोकस किया गया जो पिछले पांच वर्षों या उससे अधिक समय से लंबित हैं और जिनका ट्रायल कोर्ट में चल रहा है। एसएसपी ने इन मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि अभियुक्तों की समय पर कोर्ट में पेशी सुनिश्चित की जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
गवाहों की अनुपस्थिति के कारण लंबित हो रहे मामलों पर चिंता जताते हुए एसएसपी ने कहा कि जिन गवाहों के खिलाफ न्यायालय से सम्मन जारी हो चुका है, उनका तत्काल तामिला कराया जाए। थाना प्रभारियों को व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी करने और तय तारीख पर गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, गवाही प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं को दूर कर समय पर साक्ष्य दर्ज कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में तकनीकी समन्वय को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को समन्वय पोर्टल और I4C पोर्टल का प्रभावी उपयोग करने तथा साइबर अपराध से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती और इश्तेहार के निष्पादन में हो रही देरी पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विशेष रूप से डिस्ट्रेस वारंट के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।