हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और उसके बाद की गई निर्मम हत्या के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस गंभीर और संवेदनशील प्रकरण पर झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है।
सोमवार को हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान अधिवक्ता हेमंत शिकरवार ने मामले को कोर्ट के समक्ष उठाया, जिसके बाद अदालत ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राज्य के गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने घटना की वीभत्सता पर गहरी चिंता व्यक्त की और प्रशासन से जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पीड़िता के परिजनों की सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी या दबाव का सामना न करना पड़े।
मामले की सुनवाई के दौरान हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) भी कोर्ट में उपस्थित रहे। उन्होंने अब तक की जांच और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी अदालत को दी।
हाईकोर्ट के इस सख्त रुख के बाद अब राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।