Ranchi: झारखंड स्टेट बार काउंसिल (JSBC) चुनाव 2026-2031 की मतगणना के बीच धनबाद से एक बड़ा विवाद सामने आया है। चुनाव में प्रत्याशी रहे अधिवक्ता गजेंद्र कुमार (सीरियल नंबर 24) ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
गजेंद्र कुमार का आरोप है कि धनबाद बार एसोसिएशन परिसर में कुल 1931 वोट डाले गए थे, जिसकी पुष्टि रजिस्टर मिलान और प्रत्याशियों के हस्ताक्षर से हुई थी। लेकिन जारी नतीजों में 71 वोटों को अवैध घोषित करते हुए 1918 वोटों की गिनती दिखाई गई। इस तरह कुल वोटों की संख्या 1989 हो गई, जो वास्तविक मतदान से 58 अधिक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुल 1931 वोट ही पड़े, तो अतिरिक्त 58 वोट कहां से आए?
इससे पहले भी एक अन्य प्रत्याशी ने धनबाद में वोटिंग और मतपत्रों के आंकड़ों में अंतर को लेकर आपत्ति जताई थी।
शिकायत में बोगस वोटिंग के भी आरोप लगाए गए हैं। गजेंद्र कुमार ने उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तम कुमार मंडल का वोट किसी अन्य व्यक्ति द्वारा डाले जाने की शिकायत सामने आई थी, जिस पर काफी विवाद भी हुआ। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि मतदान के बाद 10 दिनों तक स्ट्रॉन्ग रूम में रखी मतपेटियों के साथ छेड़छाड़ हो सकती है।
अधिवक्ता ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मांग की है कि रजिस्टर, दस्तावेजी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अतिरिक्त वोटों की जांच कर धनबाद में निष्पक्ष पुनर्मतदान कराया जाए। शिकायत की प्रतिलिपि संबंधित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।