Hazaribagh: हजारीबाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने जल संसाधन विभाग के दो इंजीनियरों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गुरुवार दोपहर ACB की टीम ने विभागीय कार्यालय में छापेमारी कर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल मालतो और असिस्टेंट इंजीनियर चिरंजीवी दांगी को 1.72 लाख रुपये घूस लेते पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार ने ACB से शिकायत की थी कि उसके बिल के भुगतान के बदले असिस्टेंट इंजीनियर चिरंजीवी दांगी द्वारा 1.72 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद ACB ने जाल बिछाकर गुरुवार को कार्रवाई की और चिरंजीवी दांगी को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि यह रकम एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल मालतो के निर्देश पर ली जा रही थी। इसके आधार पर ACB ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राहुल मालतो को भी गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल दोनों आरोपियों से ACB की टीम पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।