Dhanbad: धनबाद जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। एसएसपी के आदेश पर जिले के 68 सब इंस्पेक्टर (SI) और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।
जारी सूची के अनुसार, झरिया, धनबाद, बैंकमोड़, कतरास और सिंदरी जैसे अहम इलाकों में तैनात पुलिस पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं पुलिस केंद्र, धनबाद में पदस्थापित कई अधिकारियों को फील्ड ड्यूटी में भेजते हुए बरवड्डा, तोपचांची, लोयाबाद और गोविंदपुर थाना क्षेत्र में तैनाती दी गई है।
इस फेरबदल में महिला पुलिस पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें अलग-अलग थानों और शाखाओं में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को विशेष कार्यों के लिए एसएसपी कार्यालय के मीडिया सेल, सीसीआर और फिंगर प्रिंट शाखा में भी पदस्थापित किया गया है।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस व्यापक तबादले से प्रशासनिक व्यवस्था और मजबूत होगी तथा जिले में विधि-व्यवस्था को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।