Ranchi: राजधानी रांची के कचहरी स्थित समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गई.
मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड और पुलिस टीम
धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और कोतवाली डीएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे. कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.
समाहरणालय परिसर खाली, सुरक्षा कड़ी
एहतियात के तौर पर समाहरणालय परिसर को खाली करा लिया गया है. हर प्रवेश और निकास द्वार पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
साइबर सेल कर रही ईमेल के स्रोत की जांच
पुलिस की साइबर सेल टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है. अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरी सतर्कता बरती जा रही है.
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं.