लातेहार। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव, पूर्व मंत्री बैजनाथ राम, केंद्रीय समिति सदस्य जुनैद अनवर, एवं पार्टी नेता साजिद खान उर्फ़ धनु सहित जिला कमेटी की टीम ने घाटशिला उपचुनाव में सक्रिय भागीदारी दर्ज की है। जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने बताया कि पार्टी की जिम्मेदारी मिलते ही पूरी टीम ने एकजुट होकर घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार अभियान प्रारंभ किया है। यह उपचुनाव स्वर्गीय रामदास सोरेन जी के आकस्मिक निधन के बाद हो रहा है। इस सीट से झामुमो ने सोमेश सोरेन (स्व. रामदास सोरेन के पुत्र) को उम्मीदवार बनाया है। शाहदेव ने कहा कि यह चुनाव केवल एक सीट का नहीं, बल्कि गुरुजी के विचारों और झारखंड की अस्मिता की रक्षा का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर सोमेश सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि झामुमो की नीतियां और जनसेवा का कार्य आगे बढ़ सके। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता बैजनाथ राम, जुनैद अनवर, साजिद खान उर्फ़ धनु, तथा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।