रांची: राजधानी रांची के हटिया स्थित मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई खासतौर पर वाणिज्य विभाग में इमरजेंसी कोटा के आवंटन में गड़बड़ी की शिकायत के आधार पर की गई।
छापेमारी के दौरान CBI ने चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत एक ठेकेदार के लंबित बिल को पास कराने के एवज में मांगी जा रही थी।
मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि ठेकेदार का करीब 8.50 लाख रुपये का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ था। इस भुगतान को क्लियर करने के लिए आरोपी अधिकारी ने पैसे की मांग की थी, जिसके बाद ठेकेदार ने CBI में शिकायत दर्ज कराई।
CBI की टीम अब इस पूरे मामले में सीनियर DCM सूची सिंह की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही इमरजेंसी कोटा आवंटन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है, जिससे किसी बड़े घोटाले की आशंका जताई जा रही है।