धनबाद: झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित देबूडीह चेकपोस्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जांच के दौरान धनबाद के एक थाना प्रभारी की निजी गाड़ी से ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए गए। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर लागू सख्त निगरानी के बीच की गई, जिससे पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के मुताबिक, चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की सघन जांच की जा रही है। देबूडीह चेकपोस्ट पर तैनात बंगाल पुलिस और चुनाव आयोग की टीम हर संदिग्ध वाहन की तलाशी ले रही थी। इसी क्रम में जीटी रोड से गुजर रही धनबाद के एक प्रमुख थाने के प्रभारी की गाड़ी को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से ₹2.5 लाख नकद बरामद हुए।
चूंकि चुनावी अवधि में बिना वैध दस्तावेज के बड़ी रकम ले जाना प्रतिबंधित है, इसलिए मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल पैसे को जब्त कर लिया। इसके बाद संबंधित इंस्पेक्टर को हिरासत में लेकर करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अधिकारी नकदी के स्रोत, उसके इस्तेमाल और गंतव्य को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस घटना को लेकर पुलिस विभाग में भी चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि यदि चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वाड टीम मौके पर नहीं होती, तो मामला दबाने की कोशिश हो सकती थी। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।