Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है. बुधवार को चुटिया थाना क्षेत्र के अमरावती कॉलोनी (रेलवे कॉलोनी के पास) में एक बेकाबू थार जीप ने सड़क किनारे चल रहे और खड़े कई लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार जीप काफी तेज रफ्तार में थी और रेलवे स्टेशन से डोरंडा की ओर जा रही थी. इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी ने एक के बाद एक कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
मौके पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि इलाके में चीख-पुकार मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.