बोकारो: रेलवे गुड्स शेड में रील और सेल्फी बनाने की कोशिश स्कूली छात्रों के लिए जानलेवा साबित हुई। प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे सात छात्रों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं, पांच छात्रों को आरपीएफ ने हिरासत में लेकर बाद में जमानत पर रिहा कर दिया।
घटना बोकारो के रेलवे गुड्स शेड की है, जहां पब्लिक स्कूल के सात छात्र रील बनाने के उद्देश्य से पहुंचे थे। इस दौरान वे एक बीटीपीएन (BTPN) मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गए। तभी सेक्टर-12 निवासी अभिमन्यु चटर्जी 25 हजार वोल्ट के हाई टेंशन करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।
अपने दोस्त को बचाने के लिए आगे आए कौशिक शर्मा (बारी को-ऑपरेटिव निवासी) भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तत्परता से बची एक जान
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर अरुण उरांव के नेतृत्व में घायल छात्रों का तत्काल रेस्क्यू किया गया। गंभीर रूप से झुलसे अभिमन्यु को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी जान बचा ली गई।
प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने पर कार्रवाई
यह पूरा इलाका प्रतिबंधित है, जहां बिना अनुमति प्रवेश करना कानूनन अपराध है। आरपीएफ ने मौके से पांच अन्य छात्रों को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।
मस्ती का पल बना मातम
जानकारी के अनुसार, सभी छात्र हाल ही में मैट्रिक परीक्षा देकर रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे और खाली समय में घूमने निकले थे। लेकिन रील और सेल्फी बनाने की चाह ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया और दूसरे को जिंदगी और मौत के बीच झुलसा दिया।
चेतावनी बनकर सामने आई घटना
यह हादसा एक गंभीर चेतावनी है कि सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करना कितना जानलेवा हो सकता है। रेलवे यार्ड जैसे संवेदनशील और हाई वोल्टेज क्षेत्र में जरा सी लापरवाही भी जिंदगी छीन सकती है।