रांची: राजधानी रांची में पेट्रोल पंपों को निशाना बनाकर लूट और डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में जहीर, फरहान, शेख जीमल, अरसलान खान, फैजान, शोएब अंसारी, शाहबाज सलमान, कासिफ यूसुफ, शेख मुजम्मिल और राजा खान समेत कुल 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक रिवॉल्वर, छह चाकू, मोबाइल फोन, बाइक और नकदी समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह हाल के दिनों में रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय था और लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। अपराधियों ने टाटीसिल्वे, बीआईटी मेसरा और पुंदाग इलाके में पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया, जबकि ओरमांझी में चाकूबाजी और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया।
इस गिरोह का मुख्य सरगना शाहबाज सलमान बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ रांची के विभिन्न थानों—चानहो, बरियातू, डोरंडा और धुर्वा समेत अन्य जगहों पर कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के लिए वह लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था।
वहीं, जहीर और फरहान के खिलाफ भी सिकिदिरी थाना में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।