रांची: झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नवाडीह गांव निवासी प्रभात महतो और अनिल महतो बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चमघाटी के पास एक तेज गति से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे नीचे जा गिरा और उसका एक पहिया भी अलग होकर दूर जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। सिल्ली के डीएसपी अनुज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर और गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।