Ranchi: राजधानी रांची स्थित रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। अज्ञात शख्स द्वारा आरडीएक्स से विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, धमकी भरा संदेश मिलने के तुरंत बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने पूरे परिसर को घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया, जो हर कोने की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी टीम की मदद से धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने या दहशत पैदा करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।