Hazaribagh: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 47वां स्थापना दिवस आज 4 अप्रैल को हजारीबाग जिला स्कूल मैदान में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर करीब 12 बजे होगी, जिसमें झामुमो के सुप्रीमो सह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य रूप से शामिल होंगे। उनके साथ पार्टी के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता भी मंच साझा करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस मौके पर करीब 15 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम में पार्टी के बीते एक वर्ष के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा, साथ ही संगठन के विस्तार और आगामी रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
स्थापना दिवस को लेकर जिला स्कूल मैदान में व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन भी सतर्क है। इस बड़े आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।