Bokaro: रेलवे स्टेशन स्थित टेंपो स्टैंड के पास हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य अभियुक्त अभी फरार हैं।
आरपीएफ, जीआरपी और बालीडीह थाना पुलिस की समन्वित कार्रवाई के तहत आरोपी भोलू कर्मकार को मनसा सिंह गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, मैगजीन, जैकेट और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने बहनोई के कथित अपमान का बदला लेने के लिए सचिन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ही पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी। बेहतर कोऑर्डिनेशन, कॉपरेशन और त्वरित एक्शन के कारण पुलिस को इस मामले में अहम सफलता मिली।
हालांकि, इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले के खुलासे से पुलिस प्रशासन को बड़ी राहत मिली है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।