Ranchi: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के शताब्दी वर्ष समारोह को सफल बनाने के लिए रांची स्थित राज्य कार्यालय में तैयारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किसान सभा के राज्य संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत ने की। इस दौरान 15 मार्च 2026 को रांची में होने वाले राज्य स्तरीय शताब्दी वर्ष समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने बताया कि संथाल परगना, उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर, कोल्हान और पलामू प्रमंडल में समारोह को लेकर व्यापक तैयारी की जा चुकी है। राज्य परिषद के सभी सदस्य और जिला सचिव अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना 26 दिसंबर 1925 को हुई थी। तब से लेकर अब तक पार्टी ने मजदूरों, किसानों, महिलाओं, छात्रों और नौजवानों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है। शोषण, जुल्म, अन्याय, महाजनी प्रथा, छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ चले इन संघर्षों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका समापन रांची में राज्य स्तरीय शताब्दी समारोह के साथ होगा।
यह कार्यक्रम रांची के अटल मार्केट के चौथे तले पर स्थित शहीद मजरुल हसन खान सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के महासचिव और पूर्व सांसद डी. राजा शामिल होंगे। इसके अलावा राज्यसभा सांसद पी. संतोष, राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण पांडा, पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री कुमार मुखर्जी, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष डॉ. रनेंद्र कुमार, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. मिथिलेश सिंह तथा आजादी बचाओ आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और करणपुरा बचाओ आंदोलन के संयोजक डॉ. मिथिलेश डांगी समेत कई प्रमुख वक्ता कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी कार्यालय के सामने झंडोत्तोलन से होगी। साथ ही पार्टी कार्यालय के नवनिर्माण के लिए आधारशिला भी रखी जाएगी।
राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने पार्टी के सभी जन संगठनों—ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, झारखंड राज्य किसान सभा, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन, ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन, दलित अधिकार मंच और खेत मजदूर यूनियन—से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 15 मार्च को रांची पहुंचकर इस शताब्दी समारोह को सफल बनाएं।
बैठक में राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पी.के. पांडे, किसान सभा के संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत, खेत मजदूर यूनियन के राज्य सचिव इम्तियाज खान, इसहाक अंसारी समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।