Bokaro: झारखंड के बोकारो में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। जानकारी के अनुसार न्यायालय के रजिस्ट्रार के पास सुबह करीब 9 बजे एक ई-मेल आया, जिसमें कोर्ट परिसर को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
बताया जा रहा है कि ई-मेल में सौरव विश्वास नाम के व्यक्ति का जिक्र भी किया गया है। साथ ही मेल में करीब 14 बम लगाए जाने का दावा किया गया है। धमकी भरे इस संदेश के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। मौके पर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके साथ सिटी डीएसपी, हेडक्वार्टर डीएसपी, सिटी थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
फिलहाल पुलिस द्वारा व्यवहार न्यायालय, न्याय सदन और जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। साथ ही ई-मेल भेजने वाले की पहचान कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।