New delhi: राजधानी Delhi के बाहरी उत्तरी जिले के चंदन पार्क इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घर के भीतर मिला परिवार का शव
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना घर के अंदर ही अंजाम दी गई। पड़ोसियों को जब लंबे समय तक घर से कोई हलचल नहीं सुनाई दी तो उन्हें संदेह हुआ। सूचना मिलते ही Delhi Police की टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करने पर पुलिस ने पत्नी और तीन बच्चों के शव बरामद किए।
सभी के शरीर पर तेज धार वाले हथियार से हमले के गंभीर निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। घर को सील कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी पति की पहचान कर ली गई है। वारदात के तुरंत बाद वह फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आर्थिक तनाव समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से पूरा इलाका स्तब्ध है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।