Dumka: दुमका जिले में मंगलवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना का क्रम
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय महिला अपनी बच्ची के साथ वीर कुंवर सिंह चौक के पास थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और दोनों को पास ही एक सुनसान जगह ले गया. सदर के एसडीपीओ विजय कुमार महतो ने बताया कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. विरोध करने पर उसने महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में बच्ची की पहचान उजागर होने के डर से गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई.
जांच और पोस्टमार्टम
बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले और बच्ची की नाक से खून बह रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़िता अपनी बेटी के साथ भीख मांगकर गुजारा करती थी. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया.
गिरफ्तारी और कार्रवाई
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर शुक्रवार को आरोपी को पकड़ लिया. उसके पास से 5,000 रुपये भी बरामद हुए हैं, जो कथित तौर पर महिला के पर्स से निकाले गए थे। मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे हुई इस दोहरी हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.