Ranchi: नोएडा के थाना सेक्टर 39, नोएडा क्षेत्र में वैलेंटाइन डे के दिन सनसनी फैल गई, जब एक कार के अंदर युवक और युवती के शव बरामद किए गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर दोनों शव बाहर निकाले.
तलाशी के दौरान कार से एक पिस्टल और दो खाली खोखे मिले. शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली. स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे संदिग्ध हालत में खड़ी कार देखकर पुलिस को सूचना दी थी.
मृतकों की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी सुमित और सलारपुर की रहने वाली रेखा देवी के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि दोनों करीब 15 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रिश्ते में थे. नोट में युवक ने लिखा है कि युवती ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में उसे पता चला कि उसकी शादी कहीं और तय हो गई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.