भारतीय प्रबंधन संस्थान,आईआईएम के रांची कैंपस में आज झारखंड का पहला जेन जी पोस्ट ने काम करना शुरू कर दिया है।जेन जी पोस्ट के उद्घाटन के मौके पर डाक सेवाएं, झारखंड परिमंडल के निदेशक रामविलास चौधरी और आईआईएम रांची के निदेशक प्रोफ़ेसर दीपक कुमार श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग और संस्थान के स्टूडेंट मौजूद थे। पोस्ट ऑफिस खुलने के साथ आईआईएम कैंपस में एक लेटर बॉक्स भी स्थापित किया गया है। पोस्ट ऑफिस का डिजाइन ओपन, स्मार्ट और डिजिटल लुक में तैयार किया गया है। जेन जी पोस्ट ऑफिस खुल जाने से अब पेपर लेस सेवाएं, क्यूआर आधारित पेमेंट, डिजिटल सेविंग और बीमा समाधान समेत ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक सेवाएं मिलना शुरू हो गई हैं।
इस मौके पर झारखंड परिमंडल डाक सेवाएं के निदेशक रामविलास चौधरी ने कहा कि आईआईएम कैंपस में पोस्ट ऑफिस खुल जाने से लोगों को वित्तीय सेवाओं के साथ पासपोर्ट और आधार बनाने के साथ उन्हें अपडेट करने की भी सुविधा मिलेगी। डाकघर के माध्यम से केंद्र सरकार और राज्य सरकार संपोषित योजनाओं का भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की तमाम सुविधाओं के साथ आज के यूथ को पोस्ट ऑफिस से जुड़ी वर्षों पुरानी परंपरा को भी जानने का मौका मिलेगा।
इस मौके पर आईआईएम रांची के निदेशक दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आज का दिन काफी अहम है।आईआईएम रांची के स्थापना के आज 16 वर्ष पूरे हो गए हैं। आज ही के दिन कैंपस में जेन जी पोस्ट ऑफिस ने भी काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस पोस्ट ऑफिस के खुल जाने से लोगों को और खासकर युवा वर्ग को आधुनिकता और परंपरा का समावेश देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आईआईएम रांची कैंपस में एक हजार छात्र हैं।इन छात्रों को भारतीय परंपरा को जानने का मौका मिलेगा।