रांची: झारखंड के मौसम में शुक्रवार से एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 9 मार्च को कुछ इलाकों में बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 6 मार्च से राज्य में दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम में यह बदलाव धीरे-धीरे महसूस किया जा सकेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस तरह का बदलाव अप्रत्याशित नहीं है। मार्च, अप्रैल और मई के महीनों में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने की स्थिति बनती है, जिसके कारण राज्य में बीच-बीच में प्री-मानसून बारिश होती रहती है।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण पूरी दुनिया में जलवायु परिवर्तन देखने को मिल रहा है और भारत के साथ-साथ झारखंड भी इससे अछूता नहीं है। मौसम में हो रहे इस तरह के बदलाव उसी का परिणाम माने जा रहे हैं।