Ranchi: राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए कोर्ट परिसर में 14 साइनाइड बम से विस्फोट करने की चेतावनी दी है। धमकी भरे संदेश में यह भी लिखा गया है कि जब बेगुनाहों को इंसाफ नहीं मिलता, तो न्यायालय होने का क्या मतलब है।
धमकी मिलने के बाद रांची पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ते के साथ पूरे कोर्ट परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। एहतियातन मुख्य प्रवेश द्वार को भी कुछ देर के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 28 फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।