Ranchi: राजधानी रांची के नामकुम स्थित आईपीएच प्रेक्षागृह में विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर संविदा आधारित चयनित चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
समारोह के दौरान चयनित चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में टीबी उन्मूलन को लेकर विशेष अभियान चलाए गए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अब टीबी के मरीजों की संख्या काफी कम हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि सिकल सेल एनीमिया और खून की कमी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग ठोस कदम उठा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्तियां नियमित रूप से जारी रहेंगी ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इसके अलावा, रांची के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे मरीजों को आधुनिक और बेहतर इलाज उपलब्ध हो सके।