बोकारो के सेक्टर–4 स्थित सर्कस मैदान में आयोजित भारतीय स्वदेशी मेले का उद्घाटन पूर्व विधायक विरंची नारायण ने किया। उद्घाटन के बाद मेला आम जनता के लिए खोल दिया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस भारतीय स्वदेशी मेले में भारत के विभिन्न राज्यों से आए हस्तशिल्पियों द्वारा निर्मित स्वदेशी वस्तुओं की आकर्षक प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। साथ ही आगंतुकों के मनोरंजन के लिए बड़े पैमाने पर झूले लगाए गए हैं, जिनमें टॉय ट्रेन, ड्रैगन ट्रेन, टॉवर झूला सहित कई अन्य आकर्षण शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस, मिनी ट्रेन, जंपिंग झूला, घूमती नाव आदि विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं मेले के प्रमुख आकर्षणों में बनारसी साड़ी, लखनऊ की चिकनकारी, गुजराती सूट एवं चादर, हरियाणा की बेडशीट, बंगाल का जूट बैग, राजस्थानी आचार, कश्मीर का शॉल, लुधियाना का जैकेट, आयुर्वेदिक दवाइयां, राजस्थानी ज्वेलरी, नागालैंड का ड्राई फ्लावर, सहारनपुर का फर्नीचर, आर्टिफिशियल ज्वेलरी तथा घर की साज-सज्जा से जुड़े आधुनिक उत्पाद शामिल हैं।
इसके अलावा मेले में खानपान की भी भरपूर व्यवस्था की गई है। पिज्जा, बर्गर, चाट, गोलगप्पे, दक्षिण भारतीय व्यंजन सहित अन्य फास्ट फूड स्टॉल लोगों को खूब लुभा रहे हैं। यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। मेले का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और लोगों को एक ही स्थान पर देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, हस्तशिल्प और स्वाद से परिचित कराना है। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।