Ranchi: रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस दुर्घटना मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो ने राज्यपाल से मुलाकात कर हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि इस दुखद हादसे में स्वर्गीय संजय कुमार गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय अर्चना देवी का असामयिक निधन हो गया। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को न्यूनतम 2.5 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित बीमा कंपनी से पीड़ित परिवार को शीघ्र अंतरिम मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की गई।
महतो ने एयर एंबुलेंस सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था और मानकों की स्वतंत्र उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त और पारदर्शी जांच जरूरी है।
उन्होंने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित और ठोस कार्रवाई करने की अपील की, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय मिल सके।