रांची: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार सुबह अचानक मौसम खराब होने और कम दृश्यता के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हो गईं। इसी दौरान दिल्ली से रांची आ रही Air India Express की फ्लाइट IX-1046 को रांची एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके बाद विमान को कोलकाता के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह फ्लाइट सुबह करीब 9:25 बजे Birsa Munda Airport पर उतरने वाली थी। विमान तय समय पर रांची के आसमान तक पहुंच गया था और पायलट ने लैंडिंग की कोशिश भी की। हालांकि रनवे पर विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण विमान कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाता रहा।
मौसम में सुधार नहीं होने पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को नजदीकी Netaji Subhas Chandra Bose International Airport की ओर मोड़ दिया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार कम दृश्यता के कारण रांची में लैंडिंग कराना तकनीकी रूप से सुरक्षित नहीं था।
अचानक फ्लाइट डायवर्ट होने से विमान में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री जरूरी काम और मीटिंग के सिलसिले में रांची आ रहे थे। वहीं रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों के परिजन भी फ्लाइट के इंतजार में मौजूद थे, जिन्हें बाद में विमान के कोलकाता डायवर्ट होने की सूचना दी गई।