Ranchi: झारखंड पुलिस जल्द ही संचार व्यवस्था के क्षेत्र में एक बड़ी तकनीकी छलांग लगाने जा रही है. राज्य के थानों और ओपी में वर्षों से इस्तेमाल हो रहे पुराने वायरलेस सिस्टम की जगह अब अत्याधुनिक डिजिटल वायरलेस उपकरण लगाए जाएंगे. इससे पुलिस के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज, सुरक्षित और अधिक भरोसेमंद हो सकेगा.
अब तक कई बार तकनीकी खामियों के कारण संदेशों के आदान-प्रदान में दिक्कतें आती थीं, जिससे त्वरित कार्रवाई प्रभावित होती थी. इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने कुल 893 नए डिजिटल वायरलेस उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इन अत्याधुनिक उपकरणों की होगी खरीद
वायरलेस इंटरसेप्टर – 164
डिजिटल वेरी हाई फ्रीक्वेंसी (VHF) बेस सेट – 134
डिजिटल हैंड सेट – 405
स्टेटिक हाई फ्रीक्वेंसी ट्रांसीवर – 10
इन उपकरणों के आने से फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों और कंट्रोल रूम के बीच संचार व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.
खरीद प्रक्रिया के लिए गठित हुई विशेष कमेटी
खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए एडीजी (आधुनिकीकरण) की अध्यक्षता में छह सदस्यीय विशेष कमेटी का गठन किया गया है. इस कमेटी में आईजी अभियान, डीआईजी कार्मिक, अवर सचिव (वित्त विभाग), अवर सचिव (उद्योग विभाग) और सहायक अभियंता (मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग) शामिल हैं.
कमेटी उपकरणों की गुणवत्ता, उपयोगिता और तकनीकी मानकों की जांच करने के बाद ही खरीद को अंतिम मंजूरी देगी. माना जा रहा है कि इस पहल से झारखंड पुलिस की कार्यक्षमता और रिस्पॉन्स टाइम दोनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.