रांची- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रिम्स की अतिक्रमण की हुई जमीन पर निर्मित चार मंजिला अपार्टमेंट के मामले में दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग करते हुए कहा कि इस मामले में अपार्टमेंट के बिल्डर,रांची नगर निगम, सीओ और रजिस्ट्रार समेत संबंधित अन्य अधिकारियों को तत्काल निलंबित करें। उन्होंने कहा कि उसे अपार्टमेंट में फ्लैट लेने वाले निर्दोष लोगों के लिए राज्य सरकार अविलंब वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा दोषी अधिकारियों से पैसे वसूल कर भुक्तभोगीयों को लौटाया जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में अफसर इतने अधिक निरंकुश और भ्रष्ट हो गए हैं कि उन्होंने बिल्डर के साथ सांठ गांठ करके रिम्स की सरकारी जमीन को बेच डाली। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने जानना चाहा कि रिम्स की सरकारी जमीन को किस आधार पर बिल्डर ने रजिस्ट्री और उसके बाद म्यूटेशन कर लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने किस आधार पर अपार्टमेंट का नक्शा पास कर दिया। इसके बाद रेरा ने उसे अपार्टमेंट को अप्रूवल भी दे दिया। उन्होंने कहा कि यह कोई मामूली मुद्दा नहीं है। रिम्स की जमीन पर अपार्टमेंट का बन जाना बहुत बड़ी गड़बड़ी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस पूरे मामले में किसी ने भी ईमानदारी से छानबीन नहीं की। इसका मतलब यह भी होता है कि सभी ने मिलकर इस गड़बड़ी को अंजाम दिया है।