Ranchi: रांची में LPG गैस की कमी की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है। गुरुवार देर शाम उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर गैस की उपलब्धता और सप्लाई की समीक्षा की गई।
बैठक में गैस कंपनियों ने बताया कि शहर में नियमित रूप से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। इंडेन (IOCL) की ओर से प्रतिदिन लगभग 10,500 LPG सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं। वहीं HPCL और BPCL मिलकर रोज करीब 2000 सिलेंडर की डिलीवरी कर रहे हैं।
पैनिक बुकिंग न करने की अपील
गैस कंपनियों के अधिकारियों ने लोगों से घबराकर बुकिंग नहीं करने की अपील की है। इंडेन गैस के प्रतिनिधियों ने बताया कि अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग आने से सर्वर पर दबाव बढ़ गया है, जिसके कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें आई हैं। फिलहाल सर्वर अपग्रेड किया जा रहा है और जल्द ही बुकिंग प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी।
जरूरत पड़ने पर छोटे सिलेंडर का विकल्प
अगर किसी उपभोक्ता को तुरंत गैस की जरूरत है, तो HPCL और BPCL के 5 लीटर वाले छोटे सिलेंडर बाजार में उपलब्ध हैं। उपभोक्ता आधार कार्ड दिखाकर इन सिलेंडरों को प्राप्त कर सकते हैं।
PNG गैस कनेक्शन भी उपलब्ध
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि रांची में 24 हजार से अधिक घरों में PNG पाइपलाइन गैस कनेक्शन उपलब्ध है। जिन अपार्टमेंट में पाइपलाइन की सुविधा है, वहां रहने वाले लोग टोल फ्री नंबर 18001231211 पर कॉल कर नया कनेक्शन ले सकते हैं।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कहीं ऐसी गतिविधि की जानकारी मिले, तो लोग अबुआ साथी नंबर 9430328080 पर तुरंत सूचना दें। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।