Ranchi: राजधानी के व्यस्त इलाकों में शामिल रातू रोड स्थित कब्रिस्तान के समीप बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रशासन की दखल-दिहानी की कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध किया. सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात ठप रहा और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी.
कोर्ट के आदेश पर पहुंची थी प्रशासनिक टीम
जानकारी के अनुसार, एक विवादित भूखंड पर न्यायालय के आदेश के तहत दखल-दिहानी की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी. जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, आसपास के इलाके के लोग और एक पक्ष से जुड़े समर्थक बड़ी संख्या में जुट गए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया.
जाम से अस्त-व्यस्त हुई यातायात व्यवस्था
सड़क जाम की वजह से पूरे इलाके की यातायात व्यवस्था चरमरा गई. सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने में जुट गया. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने की कोशिश की और हालात पर नजर बनाए रखी. फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है.