Ranchi: रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित मेहता रेस्टोरेंट में सोमवार रात उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक GST अधिकारी के परिवार को शाकाहारी भोजन के बजाय मांसाहारी डिश परोस दी गई। घटना के बाद नाराज परिवार ने रेस्टोरेंट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़-हजारीबाग क्षेत्र के GST अधिकारी दीपक पांडेय अपने बेटे का जन्मदिन मनाने परिवार के साथ डिनर के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे थे। परिवार ने ‘वेज मिक्स चाऊमीन’ समेत अन्य शाकाहारी व्यंजन ऑर्डर किए थे, लेकिन वेटर द्वारा गलती से नॉनवेज मिक्स चाऊमीन परोस दी गई।
खाना शुरू करने के बाद जब परिवार को इस गलती का पता चला, तो वे आक्रोशित हो उठे। शुद्ध शाकाहारी होने के कारण उन्होंने इसे अपनी धार्मिक और व्यक्तिगत भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
घटना के बाद रेस्टोरेंट परिसर में जमकर हंगामा हुआ और परिवार ने प्रबंधन से जवाब-तलब किया। मौके पर बहस बढ़ने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर मामला ओरमांझी थाना पहुंचा, जहां GST अधिकारी ने रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।