Ranchi: रांची में पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसएसपी राकेश रंजन ने मंगलवार को सुखदेवनगर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न सेक्शनों का जायजा लिया और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
मालखाना की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए एसएसपी ने वहां रखे जब्त सामानों का रजिस्टर से मिलान करने को कहा। उन्होंने पाया कि लंबे समय से जब्त पुरानी और कंडम गाड़ियां थाने परिसर में जगह घेरे हुए हैं। इस पर उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसी गाड़ियों के नीलामी या स्क्रैप की प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत जल्द शुरू की जाए, ताकि परिसर को व्यवस्थित किया जा सके और साक्ष्यों के रखरखाव में कोई कमी न रहे।
शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं को लेकर भी एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने हालिया मामलों की फाइलों की समीक्षा करते हुए कहा कि अपराधियों में पुलिस का डर होना जरूरी है। इसके लिए संवेदनशील और हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाने के सभी महत्वपूर्ण रजिस्टरों को अपडेट रखने और दस्तावेजों के सही रखरखाव पर भी जोर दिया गया। वारंटियों और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों को यह भी कहा गया कि थाने आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें।
एसएसपी ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, संतरी पोस्ट और हाजत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शाम के समय और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, जबकि बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।